- मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल बनीं मिस इंडिया, कहा- बचपन का सपना पूरा हुआ, अभी तो और भी अच्छा आना बाकी है

मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल बनीं मिस इंडिया, कहा- बचपन का सपना पूरा हुआ, अभी तो और भी अच्छा आना बाकी है

मुंबई. मध्य प्रदेश की रहने वाली निकिता पोरवाल ने फेमिना मिस इंडिया 2024 का खिताब जीत लिया है. अब निकिता मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी. निकिता उज्जैन में पली बढ़ी हैं. लेकिन वह कई सालों से मुंबई में रह रही हैं.

 

बता दें कि अगस्त महीने में निकिता ने फेमिना मिस इंडिया मध्य प्रदेश का खिताब जीता था. बेटी के मिस इंडिया बनने पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. बुधवार को जब देशभर की 29 सुंदरियों में निकिता को विजेता चुना गया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. रेखा पांडे बनीं फर्स्ट रनर-अप दादरा और नगर हवेली की रहने वाली रेखा पांडे फर्स्ट और गुजरात की आयुषी ढोलकिया सेकंड रनर-अप रहीं.

 

मिस इंडिया 2024 में 30 राज्यों की विजेताओं ने हिस्सा लिया था. प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीता बिजलानी, निकिता म्हैसलकर, अनीस बज्मी, नेहा धूपिया, बॉस्को मार्टिस और मधुर भंडारकर शामिल थे. कार्यक्रम में मशहूर म्यूजिक ग्रुप बैंड ऑफ बॉयज ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। फेमिना मिस इंडिया 1980 की विजेता संगीता बिजलानी ने अपनी दमदार प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया।

सात साल पहले मुंबई आई थीं निकिता

निकिता के पिता अशोक पोरवाल पेट्रोकेमिकल व्यवसायी हैं। निकिता ने अपनी स्कूली शिक्षा उज्जैन से पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए बाहर चली गईं। सात साल पहले निकिता मुंबई आई थीं। वह अभिनेत्री बनना चाहती हैं। निकिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है।

मिस इंडिया बनने का सपना हुआ साकार

निकिता ने बताया कि बचपन में मेरी मां मुझे फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में मिस इंडिया बनाकर भेजती थीं। अब मैं वाकई मिस इंडिया बन गई हूं। मैंने कई बार रामलीला में माता सीता का किरदार भी निभाया है। मैं शुरू से ही मिस इंडिया बनना चाहती थी। यही वजह थी कि मैंने थियेटर और मॉडलिंग में अपना करियर बनाना शुरू किया।

निकिता को जानवरों से है प्यार

निकिता को जानवरों से बहुत प्यार है। वह इस मामले में कुछ बड़ा करना चाहती हैं। निकिता पोरवाल कहती हैं कि सभी जीवों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार है। यह दुनिया सभी की है। लोगों को जानवरों के साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए।

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag