भोपाल । भोपाल में नगर निगम की सीवेज गाडिय़ों पर सोमवार सुबह ब्रेक लग गया। दो ड्राइवर के सपोर्ट में साथी ड्राइवर हड़ताल पर चले गए। इस कारण 14420 पर कॉल लगाने पर सीवेज गाड़ी नहीं आएगी और सेप्टिक टैंक-सीवेज की सफाई नहीं हो सकेंगी। मप्र शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी संघ के बैनरतले ड्राइवरों ने हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने नारेबाजी भी की। उनका कहना है कि सीवेज शाखा के जिन दो ड्राइवरों को बिना किसी कारण काम से हटाया गया है,
उन्हें वापस लिया जाए। संघ के सीवेज प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुरेशकुमार वर्मा, संगठन के निगम में अध्यक्ष इरफान अलताफ समेत ड्राइवरों ने माता मंदिर के पास डीजल डिपो में प्रदर्शन भी किया।सीवेज और सेफ्टिक टैंक साफ करने के लिए शहर में कुल 40 गाडिय़ां हैं। टोल फ्री नंबर- 14420 पर कॉल करने के बाद गाड़ी सेप्टिक टैंक साफ करने के लिए पहुंचती हैं। हर रोज एवरेज 200 घरों का सेप्टिक टैंक साफ होता है। सोमवार को सुबह से ही यह काम बंद है।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि सीवेज शाखा के दो वाहन चालक प्रमोद और जावेद को बिना किसी कारण के गाडिय़ों से हटा दिया गया है। उन्हें चार महीने से गाड़ी नहीं दी जा रही है। इन दोनों ड्राइवरों के संबंध में निगम के अधिकारियों से मौखिक और लिखित में बात हो चुकी है। बावजूद उन्हें पुन: पदस्थ नहीं किया गया। इसलिए 7 जनवरी तक उन्हें काम पर बुलाने की मांग की गई थी। निगम ने दोनों ड्राइवरों को लेकर कोई फैसला नहीं लिया। इस कारण शाखा से जुड़े सभी ड्राइवरों ने काम बंद कर दिया।