सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिल्ली के रहने वाले कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ नस्लवादी और अपमानजनक टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर द्वारा त्रिपुरा के एक युवक के साथ किए गए कथित नस्लवादी दुर्व्यवहार की निंदा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस आरोपी को "कड़ा सबक" सिखाएंगी। अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में, केंद्रीय मंत्री ने माना कि आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में कुछ देरी हुई है, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
'दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस सिखाएंगी कड़ा सबक'
रिजिजू ने लिखा, "इस नीच व्यक्ति को सजा मिलेगी। आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में कुछ देरी हुई, लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएंगी।" मंत्री ने आगे कहा, "समाज में जो लोग इस तरह के बुरे बर्ताव को बर्दाश्त करते हैं, वे भी नफरत फैलाने के लिए जिम्मेदार हैं।"
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री रिजिजू की यह टिप्पणी तब आई है, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ नस्लवादी और अपमानजनक टिप्पणी करते देखा गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद, पूरे पूर्वोत्तर (नॉर्थईस्ट) में इस घटना की कड़ी निंदा की जा रही है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने क्या निर्देश दिए?
इस विवाद को देखते हुए, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कंटेंट क्रिएटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा, त्रिपुरा पुलिस में आमिर शौकीन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। उन पर नस्लीय उत्पीड़न, साइबर बुलिंग और राज्य के मूल समुदायों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है। 'यूथ टिपरा फेडरेशन' (YTF) ने अगरतला के एक पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले की जांच के लिए त्रिपुरा पुलिस दिल्ली जाएगी।
बढ़ते विरोध के बीच मांगी माफी
लगातार हो रहे विरोध के बाद, आमिर शोकीन ने सोशल मीडिया से वीडियो हटा दिया और माफी मांगी। उन्होंने दावा किया कि वीडियो 'स्क्रिप्टेड' था और उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने हाथ जोड़कर त्रिपुरा के लोगों से माफी मांगी है।
यह वीडियो आमिर शोकीन नाम के एक व्यक्ति ने बनाया था, और अब उनका माफी मांगते हुए एक वीडियो सामने आया है। फिलहाल, उनका मोबाइल फोन बंद है। दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
कुछ समय पहले, नेशनल टेलीविजन रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने पूर्वोत्तर भारत के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव के बारे में बात की थी।